बदायूं दातागंज रोड पर सड़क किनारे पलटा पड़ा ट्रक। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। दातागंज रोड पर रेल क्रॉसिंग के पास शुक्रवार सुबह गेहूं से भरा ट्रक पलटने के कारण क्लीनर की मौत हो गई। हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद सड़क पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी से ट्रक हटवाकर यातायात सामान्य कराया। मृतक क्लीनर हरदोई का रहने वाला है।
शुक्रवार सुबह गेहूं से भरा एक ट्रक दातागंज की ओर से बदायूं आ रहा था। ट्रक पर हरदोई के थाना पिहानी के गांव कुईया निवासी मोहम्मद तौकीर चालक और इसी गांव का बबलू पुत्र सुरेश क्लीनर था। रास्ते में दातागंज रोड स्थित रेल क्रॉसिंग के पास चालक ने किसी कारण से ट्रक को ढलान की ओर रोक दिया। इसके बाद क्लीनर ट्रक के रेडिएटर में पानी भरने लगा। इसी दौरान ट्रक खाई में पलट गया। ट्रक के रेडिएटर में पानी डाल रहा क्लीनर भी ट्रक की चपेट में आकर दब गया। उसकी मौके पर मौत हो गई और चालक मोहम्मद तौकीर घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी और क्रेन की मदद से बोरियों और ट्रक को हटाकर क्लीनर का शव बाहर निकाला गया। इस दौरान सड़क पर काफी देर तक यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने क्लीनर का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।