आग को बुझाने का प्रयास करते लोग
- फोटो : BADAUN
बिल्सी। नगर के पालिका बाजार में मंगलवार दोपहर एक किराना की दुकान में बिजली के शार्ट सर्किट से लगी आग से दुकान में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया। आस पड़ोस के दुकानदारों ने आग पर काबू पाने की काफी कोशिश की लेकिन कामयाब नहीं हो सका। बाद में पालिका के टैंकर की मदद से आग बुझाई गई।
नगर के मोहल्ला संख्या पांच निवासी दीपक माहेश्वरी पुत्र सुबोध कुमार की नगर पालिका बाजार में किराना की थोक सामान की दुकान है। वह मंगलवार की दोपहर करीब एक बजे ग्राहकों को सामान दे रहे थे। तभी दुकान के अंदर बिजली के तारों में हुए शार्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। दुकान स्वामी कुछ समझ पाते कि तब तक आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया। जैसे ही इसकी सूचना आसपास के दुकानदारों को हुई तो उन्होंने बाल्टियों से दुकान के अंदर पानी डालकर आग पर काबू पाने की काफी कोशिश की। मगर आग इस दौरान आग काफी भयंकर रूप धारण कर चुकी थी।
इसके बाद पालिका में खड़े टैंकर को बुलाया गया जिसकी मदद से आग पर काबू पाया गया। सूचना पर जिला मुख्यालय से दमकल की गाड़ी भी पहुंची लेकिन तब तक दुकान में रखा काफी सामान एवं नगदी, एलईडी व फर्नीचर आग में जलकर राख हो चुका था। दुकान स्वामी दीपक माहेश्वरी के मुताबिक लाखों का सामान जलकर राख हो गया।