सहसवान (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम होतीपुर के नजदीक रविवार शाम दो बाइक आमने-सामने से टकरा गईं। इसमें बरेली के एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक होमगार्ड समेत चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल भेजा है। दोनों बाइकों पर सवार लोग हेलमेट नहीं लगाए थे।
बरेली के आंवला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मनौने निवासी ओमपाल (49) पुत्र पंचम रविवार शाम बाइक से अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे। उनके साथ बाइक पर पत्नी दुर्गा और एक छोटी बच्ची थी। बताते हैं कि उनकी बाइक ग्राम होतीपुर के नजदीक पहुंची ही थी कि तभी सामने से आ रही एक अन्य बाइक से टकरा गई। इस हादसे में ओमपाल, दुर्गा और उनकी छोटी बच्ची समेत दूसरी बाइक पर सवार एक होमगार्ड और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। होमगार्ड सहसवान कोतवाली से ड्यूटी करके लौट रहा था। उसने एक बाइक पर लिफ्ट ली थी। हादसे की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तुरंत पांचों घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेज दिया जहां मनौने निवासी ओमपाल की मौत हो गई। पुलिस ने उसके शव को शवगृह में रखवा दिया है।