बिल्सी। सोमवार रात सड़क हादसे में एनए इंटर कॉलेज के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उनका पड़ोसी बाल-बाल बच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उनके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
नगर के मोहल्ला संख्या एक तहसील रोड निवासी तथा एनए इंटर कॉलेज के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य सत्यपाल गुप्ता (78) सोमवार को अपने खेत पर गए थे। रात लगभग साढ़े आठ बजे वह अपने पड़ोसी सोनू के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। वजीरगंज-बिल्सी मार्ग पर जैसे ही बाइक पहुंची तो वहां सड़क पर फैली मक्का पर सोनू बाइक नियंत्रित नहीं कर सका और बाइक फिसल गई। बाइक फिसलने के साथ ही सोनू खेत की ओर तथा सत्यपाल गुप्ता सड़क पर जा गिरे। तभी पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हे कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के वक्त कोई हेलमेट नहीं लगाए था। खेत की तरफ गिरने के कारण सोनू बाल बाल बच गया। सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंच गई तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया।