बदायूं/मूसाझाग। सिविल लाइंस क्षेत्र के ग्राम हादीपुर में बृहस्पतिवार सुबह एक ट्रैक्टर से कुचलकर दो साल के बालक की मौत हो गई। परिवार के लोगों ने ट्रैक्टर चालक को घेरकर पकड़ लिया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, पुलिस ने बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ग्राम हादीपुर निवासी श्रीराम की पत्नी मिथलेश बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे अपने बेटे केशव को शौच कराने के बाद उसके हाथ पैर धो रहीं थीं। उन्होंने केशव को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और घर के अंदर पानी लेने चली गईं। उसी दौरान गांव से मातादीन का ट्रैक्टर थ्रेसर को जोड़कर खेतों की ओर जा रहा था। तभी बालक ट्रैक्टर की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वह बच्चे को संभालने में लग गए। शोर सुनकर मोहल्ले के लोगों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया। फिर पुलिस को सूचना दे दी। इधर, मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया। बाद में बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बालक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।