बिसौली। बीसलपुर कस्बे के रानेट चौराहे पर बुधवार को बाइक सवार युवक को डंपर ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वह बरेली की एक मसाला कंपनी में नौकरी करता था। हादसे के बाद चालक डंपर मौके पर छोड़कर भाग गया। इस हादसे के बाद चौराहे पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई।
उघैती थाने के गांव स्वदेशपुर निवासी 32 वर्षीय प्रदीप पुत्र चोब सिंह बरेली की एक मसाला कंपनी में नौकरी करता था। रविवार दोपहर बाइक पर वह बरेली जाने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान रानेट चौराहे पर उसकी बाइक को सामने से आए डंपर ने रौंद दिया। इसमें गंभीर चोटें आने से प्रदीप की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई, जिससे रोड पर जाम लगने लगा। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने ट्रैफिक चालू कराया। प्रदीप दो भाइयों में बड़ा था। उसकी पांच साल पहले शादी हुई थी। घर में पत्नी के साथ दो साल का बेटा और चार साल की बेटी है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। डंपर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।