बदायूं। शादी में दोस्तों के साथ दावत खाने गए बीए अंतिम वर्ष के एक छात्र की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घर वालों ने दोस्तों पर ही हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह सिर पर चोट बताई गई है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सम्राट अशोक नगर निवासी अंकित (18) पुत्र जयपाल एनएमएसएन दास कॉलेज में बीए अंतिम वर्ष का छात्र था। शनिवार रात वह अपने दोस्तों के साथ मंडी पुलिस चौकी के नजदीक एक लॉन में दावत खाने गया था। वहीं पास में देर रात युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घायल हो गया। इस पर उसके दोस्त उसे जिला अस्पताल लेकर गए और परिवार वालों को सूचना दी। बाद में अस्पताल पहुंचे परिवार वाले युवक को तुरंत बरेली ले गए लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। परिवार वालों ने रात में ही पुलिस को इसकी सूचना दे दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि युवक की हत्या की गई है और इसमें उसके दोस्तों का हाथ है। इस पर पुलिस ने युवक के दो दोस्तों को हिरासत में ले लिया। साथ ही बाकी कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर करने का आश्वासन दिया।
इधर, रविवार दोपहर पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह सिर में चोट लगने से बताई गई है। उसके शरीर पर भी चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस ने शव को परिवार वालों के हवाले कर दिया है। प्रभारी इंस्पेक्टर ओपी गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उसकी मौत हादसा है या हत्या है, जांच के बाद ही इसका पता चलेगा।