बदायूं। रविवार को जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में पांच लोग घायल हो गए। उनमें से एक घायल को हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि चार लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चंदौसी कस्बे के हनुमान गढ़ी मोहल्ला निवासी नरवीर पुत्र मान सिंह, कड्डे उर्फ नवल किशोर और विचैटा निवासी टिल्लू उर्फ राजवीर एक बाइक पर सवार होकर चंदौसी लौट रहे थे। रास्ते में भटपुरा के पास एक डीसीएम ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक चालक हेलमेट लगाए था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं डीसीएम कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कादरचौक। थाना क्षेत्र के ग्राम भोजपुर निवासी विनोद पुत्र ओमप्रकाश और चरन सिंह पुत्र राधा कृष्णन रविवार शाम अपने एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने धनूपुरा गांव से कछला गंगा घाट जा रहे थे। रास्ते में सिमरा गांव के पास एक बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चरन सिंह को हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे के दौरान दोनों हेलमेट नहीं लगाए थे। ब्यूरो