उझानी (बदायूं)। शुक्रवार देर शाम बदायूं-दिल्ली हाईवे पर दो ई-रिक्शा टकरा गए, जिसमें एक बालिका की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हो गई। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। पुलिस ने उन्हें समझाबुझाकर शांत किया। बाद में शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवा दिया।
हादसा शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे का बताया जा रहा है। उस समय कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुढ़ा नरसिंहपुर निवासी एक परिवार के लोग ई-रिक्शा में बैठकर उझानी में निकल रही रामबरात देखने आ रहे थे। बताते हैं कि ई-रिक्शा दिल्ली-बदायूं हाईवे पर ईदगाह के सामने पहुंचा था कि उसी समय सामने से तेज रफ्तार में आ रहा दूसरा ई-रिक्शा उससे टकरा गया। दोनों ई-रिक्शा तेज रफ्तार से दौड़ रहे थे। इस हादसे में आगे बैठी श्रीति (8) पुत्री सत्यपाल की मौके पर मौत हो गई। वहीं उसकी चाची सीटू घायल हो गई। श्रीति के साथ ई-रिक्शा पर उसके चाचा, ताऊ, चचेरा भाई वीरपाल समेत परिवार के कई लोग बैठे थे। उनके चोटें नहीं आई हैं। दोनों चालक अपने-अपने ई-रिक्शा छोड़कर मौके से फरार हो गए। इधर, हादसे की जानकारी होते ही गांव से दर्जनों लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने चालकों को पकड़ने की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। वहीं इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने जैसे-तैसे उन्हें शांत किया। बाद में शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया। बालिका श्रीति के पिता दिल्ली में पेंटर हैं। श्रीति की मौत से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।