बदायूं। बुधवार को एनएमएसएन दास कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र की बाइक सामने से आ रही स्कूली बस से टकरा गई। गनीमत रही कि बस चालक ने एकदम ब्रेक ले लिए, नहीं तो बाइक सवार छात्र की जान भी जा सकती थी। घायल छात्र को एंबुलेंस द्वारा जिला अस्पताल ले जाया गया।
दास कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र हिमांशु सिंह बुधवार सुबह कॉलेज जा रहा था। इस दौरान उसकी बाइक पर एक दूसरा छात्र भी सवार था। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो हिमांशु की बाइक बेहद तेज रफ्तार में थी, साथ ही वह सड़क पर लहराकर बाइक चला रहा था। कॉलेज से थोड़ा पहले ही उसकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और सामने से आ रही एक स्कूल की बस से जा टकराई। हादसे के बाद दोनों छात्र गिर पड़े तथा उनकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। लोगों का कहना है कि यदि बस चालक ने तुरंत ब्रेक न लिए होते तो हिमांशु की जान चली जाती, हालांकि उसके काफी चोटें आई और वह बेहोश हो गया। इधर बस में सवार छोटे-छोटे बच्चों में भी चीखपुकार मच गई। मौके पर एकत्र भीड़ तथा नवादा चौकी पर तैनात सिपाही ने एंबुलेंस को कॉल करके उसे जिला अस्पताल भिजवाया। बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने थे। बाइक पर सवार छात्र के साथी को मामूली चोट आने के कारण वह मौके से चला गया।