उझानी (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर तेज रफ्तार बाइकों ने साइकिल सवार समेत एक राहगीर महिला को टक्कर मार दी। साइकिल सवार ने इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को दम तोड़ दिया तो महिला की जिला अस्पताल में मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक भी घायल हुआ है लेकिन वह मौके पर ही अपनी बाइक को छोड़कर भाग गया। पुलिस ने उसका नाम और पता हासिल कर लिया है।
पहला हादसा उझानी-कादरचौक रोड पर गांव फतेहपुर के पास बुधवार रात को हुआ। कोतवाली क्षेत्र के गांव फतेहपुर निवासी राजवीर सिंह (38) पुत्र स्वर्गीय सूबेदार सिंह नगर में ही आटा चक्की पर काम करता था। वह साइकिल से घर की ओर चला तो गांव के नजदीक ही रास्ते में सामने से बाइक ने उसे चपेट में ले लिया। बाइक से टक्कर लगने के बाद उसका सिर फट गया। देर रात ही उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। बाद में घरवाले उसे लेकर बरेली भी पहुंचे लेकिन इलाज के दौरान राजवीर की मौत हो गई। बाइक सवार कादरचौक के गांव ककोड़ा का बताया गया है। वह भी घायल है।
इसके अलावा कछला रोड बाजार में बृहस्पतिवार को मोहल्ला बाजारकलां निवासी अंगूरी वाल्मीकि (50) पत्नी स्वर्गीय अशोक कुमार को बाजार में बाइक ने उस समय टक्कर मार दी, जब वह कुछ खरीदने के लिए दुकान की ओर निकली थीं। टक्कर लगते ही अंगूरी का सिर लहूलुहान हो गया। उसके सीने में भी चोट लगी। यह देख आसपास के लोग बाइक सवार को पकड़ने के लिए दौड़े भी लेकिन वह बाइक को मौके पर ही छोड़कर भाग गया। हादसे की भनक लगते ही अंगूरी के परिवार के लोग भी आ गए। उन्होंने उसे जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने युवक समेत महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने को भेज दिया है।
मुंबई में रहता है अंगूरी का बेटा
उझानी। सड़क हादसे में मृत अंगूरी देवी के पति की पहले ही मौत हो चुकी है। दो बेटों में एक का कई साल पहले निधन हो गया था। इसके बाद उसका दूसरा बेटा अजय रोजी-रोटी की तलाश में मुंबई चला गया। वह एक प्रतिष्ठान पर नौकरी करता है। अंगूरी की देवरानी ममता ने बताया कि अजय को फोन करके बता दिया गया है लेकिन शुक्रवार शाम तक लौट पाएगा।