इस्लामनगर (बदायूं)। सहसवान रोड स्थित एक मैरिज हॉल में आयोजित शादी समारोह के दौरान एक वर्षीय मासूम को सोते समय एक महिला बुधवार रात कमरे से उठा ले गई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने केस अपहरण में दर्ज कर जांच तेज कर दी है। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
सहसवान रोड स्थित मोनार्क फार्म हाउस में बुधवार रात मईकला निवासी धर्मपाल की पुत्री कामिनी की शादी का समारोह चल रहा था। शादी में बिलारी थाना क्षेत्र से बरात आई हुई थी। इसी कार्यक्रम में सिरसा, थाना रजपुरा जनपद संभल निवासी शांति अपने पति भूकन और एक वर्षीय पुत्र सौरभ के साथ शामिल होने आई थी। बताया गया कि भूकन की फुफेरी बहन की शादी थी, जिस कारण पूरा परिवार समारोह में मौजूद था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात जयमाला की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान शांति ने अपने एक वर्षीय बेटे सौरभ को ऊपर बने कमरे में सुला दिया और स्वयं नीचे कार्यक्रम देखने चली आईं। रात लगभग 12:30 बजे के आसपास एक महिला मौका पाकर कमरे में पहुंची और सो रहे मासूम को उठाकर चली गई।
कुछ समय बाद जब शांति कमरे में वापस पहुंचीं तो बच्चा गायब मिला। यह देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शादी समारोह में मौजूद लोगों ने आसपास के क्षेत्र में बच्चे की तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीओ बिल्सी के.के. तिवारी और थानाध्यक्ष उदयवीर सिंह ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मैरिज हॉल सहित आसपास के घरों, अस्पतालों और दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज में दिखी संदिग्ध महिला
सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध महिला बच्चे को ले जाते हुए दिखाई दे रही है, जिससे पुलिस को जांच में अहम सुराग मिला है। पुलिस ने दो टीमों का गठन किया है। सर्विलांस टीम भी सक्रिय कर दी गई है, जो फुटेज और मोबाइल डाटा के आधार पर संदिग्ध महिला की पहचान करने में जुटी है। पुलिस ने उन महिलाओं से भी पूछताछ की है, जिनसे संदिग्ध महिला बातचीत करती हुई देखी गई थी। साथ ही उनके मोबाइल फोन भी जांच के लिए जब्त किए गए हैं। थाना अध्यक्ष उदयवीर सिंह ने बताया कि सहसवान मार्ग के कई स्थानों से सीसीटीवी फुटेज एकत्रित किए गए हैं। संदिग्ध महिला की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
वैवाहिक समारोह में हुआ हंगामा, किसी तरह विदा हुई बरात
इस घटना के बाद वैवाहिक समारोह में जमकर हंगामा हुआ। हालांकि परिजनों व पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद बरात विदा हो सकी। लोगों का कहना है कि शादी जैसे आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीरता बरतने की आवश्यकता है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
कार से बच्चे को लेकर गई महिला
जांच में सामने आया है कि महिला बच्चे को एक कार से ले गई है। कार की फुटेज मिल गई है। उसके आधार पर पता किया जा रहा है। खुलासा करने के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही बच्चे को बरामद कर आरोपी महिला को गिरफ्तार किए जाने का प्रयास किया जा रहा है। - केके तिवारी, सीओ बिल्सी
अपहृत बच्चा सौरभ- फोटो : संवाद
अपहृत बच्चा सौरभ- फोटो : संवाद