बदायूं। आधार कार्ड बनवाने और उसमें संशोधन कराने के लिए लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। यूं कहें कि शहर के मुख्य डाकघर में बन रहे आधार कार्ड की पहचान परेशानियां हैं, तो गलत नहीं होगा। बुधवार को की गई पड़ताल में सामने आया कि पांच बजे से लोग लाइन में लगे हुए थे। दावा था कि साढ़े छह बजे से आधार बनने शुरू हो जाएंगे। लेकिन, सात बजे तक व्यवस्था के नाम पर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था।
अमृत लाल व केसरी सिंह का कहना है डाकघर का मुख्य गेट सुबह छह बजे खुल गया था, लेकिन कार्यालय का ताला सात बजकर पांच मिनट पर खोला गया। इसके बाद में भीड़ कार्यालय परिसर में आ गई। करीब सात बजकर 20 मिनट पर एक कर्मचारी पहुंचा और कुर्सी संभालकर प्रक्रिया शुरू की। तब तक लाइन काफी लंबी हो गई थी।
लाइन में खड़े उसावां के रमेश, आम गांव के रोहन, सोथा मोहल्ला के इमरान आदि का कहना था कि वह पांच बजे ही आ गए थे। उनका कहना है कि पिछले दो दिनों से वह यही हाल देख रहे हैं। नंबर न मिलने की वजह से लौटना पड़ रहा है। वहीं, कर्मचारी ने बताया कि 69 आवेदन सुबह साढ़े छह बजे तक आ चुके थे, जबकि मंगलवार को 100 से अधिक आवेदन आए थे। इनको आज बुलाया गया है। इसके बाद में समय बचता है, तो बुधवार को आए लोगों के आधार बनाए जाएंगे।
डाकघर अधिकारियों का दावा है कि बढ़ती भीड़ को देखते हुए मुख्य डाकघर में आधार बनाने की व्यवस्था सुबह साढ़े छह बजे से शुरू कर दी जाती है। उनका कहना है कि लोगों की सुविधा के लिए दो काउंटर संचालित किए जा रहे हैं। रोजाना केवल 80 आधार ही बनाए जा सकते हैं। वहीं, भीड़ प्रबंधन और अव्यवस्था रोकने के लिए ही नंबर प्रणाली लागू की गई है। लेकिन, बुधवार को जब पड़ताल की, तो अधिकारियों के दावे खोखले साबित हुए।
-
दो से तीन दिन हो रहे खराब
-डाकघर में आधार से जुड़ीं सेवाओं की प्रक्रिया अब इतने चरणों में बंट चुकी है कि एक आधार कार्ड बनवाने में दो से तीन दिन भी लग जा रहे हैं। सबसे पहले तो सुबह-सुबह पहुंचकर लाइन में लगना पड़ता है ताकि डाकघर खुलने पर नंबर मिल सके। उस नंबर के आधार पर ही फार्म जारी किए जाते हैं। फार्म मिलने के बाद उसे भरकर अगले दिन फिर से सुबह आना पड़ता है। इसके बाद ही आधार बन पाने की संभावना बनती है। कई लोगों का नंबर निकलने के बावजूद भीड़ अधिक होने पर उन्हें एक और दिन इंतजार करना पड़ जाता है।
मंगलवार को सर्वर ने किया था परेशान
-आधार कार्ड बनवाने के लिए पहुंचे लोगों मंगलवार को एक और परेशानी से गुजरना पड़ा था। मंगलवार को जैसे-तैसे लोगों का आधार बनवाने के लिए नंबर आया। लेकिन नेटवर्क नहीं आने की वजह से लोगाें को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पूर्वाह्न में नेटवर्क शुरू हुआ, लेकिन कनेक्टिविटी बहुत धीमी होने से आधार बनाने में बहुत दिक्कत आई। ऐसे में कई लोगों का पूरा दिन डाकघर में व्यतीत हो गया है।
आधार कार्ड में संशोधन कराने के लिए तीन दिन से सुबह-सुबह डाकघर के चक्कर लगा रही हूं। उम्मीद है कि आज आधार कार्ड बनावने के लिए आवेदन हो सकता है। -नीलम, नई सराय
-सुबह ही पांच बजे गांव से चला था, साढ़े पांच बजे डाकघर आ गया था। लेकिन यहां पर पहले से ही लोग लाइन में लगे थे। हालांकि मेरा नंबर आया है, अब फॉर्म दिया है। कब फिर से आने के बोला है। जिसके बाद में आधार कार्ड बनाने के लिए आवेदन होगा।-सलमान, रमजानपुर
-लोगों की सुविधा के लिए डाकघर को सुबह साढ़े छह बजे से खोल दिया जाता है। साथ ही आधार कार्ड बनाने का काम शुरू कर दिया जाता है। कर्मचारी समय पर पहुंच रहें हैं। हो सकता है कि दो पांच मिनट कर्मचारी को देर हो गई हो। -एनके दुबे, डाक अधीक्षक, मुख्य डाकघर
नीलम
नीलम
नीलम
नीलम
नीलम