जरीफनगर। थाना जरीफनगर क्षेत्र की एक युवती को दिल्ली में काम दिलाने का झांसा देकर गांव का ही युवक उसे अपने साथ ले गया, जहां उसका शारीरिक शोषण किया। आरोप है कि युवक ने बाद में युवती के अश्लील फोटो व वीडियो बनाकर फेसबुक पर वायरल कर दिए। अब उसे ब्लैकमेल कर रहा है। मामले में 35 दिन बाद पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने थाना पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसकी शादी करीब सात वर्ष पूर्व जनपद कासगंज निवासी एक युवक से हुई थी। लगभग तीन वर्ष पहले उसके पति की मृत्यु हो गई। इसके बाद वह अपने मायके में आकर रहने लगी थी।
पीड़िता के अनुसार, घटना 18 नवंबर 2025 की सुबह करीब 9:30 बजे जब वह अपनी ससुराल जाने के लिए निकली तो रास्ते में गांव का ही राजेश उसे मिला और दिल्ली में काम दिलाने का झांसा देकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि दिल्ली पहुंचने पर आरोपी ने जबरन शारीरिक शोषण किया।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसे ब्लैकमेल करने की नीयत से उसके अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए और उन्हें वायरल कर दिया। जब पीड़िता के परिजनों ने फेसबुक पर यह सामग्री देखी तो उन्होंने उससे संपर्क किया। इसके बाद पीड़िता ने पूरी आपबीती अपने परिजनों को बताई, जिस पर मायके वाले उसे दिल्ली से वापस गांव लिवा ले गए। पीड़िता की शिकायत के आधार पर थाना जरीफनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।