जरीफनगर। 15 दिन पहले आत्मदाह की कोशिश करने वाले युवक ने मंगलवार देर रात दिल्ली के अस्पताल में दम तोड़ दिया। युवक ने ससुरालियों की पिटाई से आहत होकर आत्मघाती कदम उठाया था। बुधवार को युवक का शव गांव लाया गया।
जरीफनगर निवासी पुनीत गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उसके भाई मोहित गुप्ता (25) और पत्नी भावना की अनबन चल रही थी। 10 जुलाई की शाम चार बजे भाई के दिल्ली के संगम विहार निवासी ससुर सुशील, सास रानी, जिला गजियाबाद के खौड़ा निवासी जितेंद्र, दिल्ली के दक्षिणपुरी निवासी टिंकू, जरीफनगर निवासी सोराज व तीन अज्ञात लोग कार से उनके घर आ धमके।
आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने मोहित को जमकर पीटा और भाग गए। इसी से आहत होकर भाई मोहित ने अपने ऊपर डीजल छिड़ककर आग लगा ली। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। मोहित को पहले बरेली के अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर उसे दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यहां मंगलवार देर रात इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। बुधवार को युवक का शव दिल्ली से घर लाया गया। युवक की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। जरीफनगर इंस्पेक्टर अश्वनी कुमार ने बताया कि इस मामले में मृतक के भाई ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। युवक की मौत हो गई है। दर्ज रिपोर्ट में आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा बढ़ाई जाएगी।