उझानी। शादी के पांच साल बाद दहेज में दो लाख रुपये नहीं मिलने पर विवाहिता को मारपीट कर मासूम बच्चों के साथ घर से निकाल दिया गया। वह विवाहिता के जेवरात बेचकर पूरी रकम जुआ में हार गया।
बहादुरगंज मोहल्ले की रुबीना ने बताया कि उसका निकाह 2020 में बिल्सी कस्बे के अगौल रोड निवासी फजले पुत्र रसूल अहमद के साथ हुआ था। दहेज से ससुराली खुश नहीं थे। पति फजले समेत उसके परिवार के लोग दहेज के लिए परेशान करते रहे। रुबीना के दो बच्चे हैं। फजले ने दो लाख रुपये मांगे तो रुबीना की मां ने एक लाख रुपये दे दिया। आरोप है कि फजले फिर भी नहीं माना। उसने रुबीना के जेवरात बेच डाले। जेवरात की रकम वह जुआ में हार गया।
आरोपी फजले के परिवार के लोगों ने रुबीना को कई बार मारा- पीटा। पिछले महीने बच्चे समेत उसे घर से निकाल दिया गया। इसकी शिकायत लेकर रुबीना के परिजन फजले के घर पहुंचे तो उनके साथ भी गाली गलौज की गई। कोतवाली पुलिस से आरोपियों पर कार्रवाई की गुहार लगाई तो अनसुना कर दिया गया। रुबीना ने एसएसपी को घटनाक्रम से अवगत कराया तो पुलिस ने फजले, वसीम, रजी हसन, अरमान, गुलनाज, संजीदा और शकील अहमद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।