युवक के गंगा डूबने के बाद सुकर्रा घाट पर जमा भीड़। स्त्रोत वीडियो ग्रैब
बदायूं। सहसवान कोतवाली क्षेत्र में सुकर्रा घाट पर गंगा में स्नान करने गया 25 वर्षीय युवक गहरे पानी में चला गया। युवक के डूबने की सूचना पर ग्रामीण व पुलिस और प्रशासन की टीम भी घाट पर पहुंच गई। एसडीआरएफ टीम को बुलाकर युवक की तलाश की जा रही है, सात घंटे से अधिक की तलाशी के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं लग सका।
उघैती थाना क्षेत्र के गांव सलामतपुर निवासी बृजेश पुत्र भूरे रविवार को अपने रिश्तेदार मल्लू पुत्र रक्षपाल निवासी गांव बिचौला थाना जरीफनगर के साथ गंगा में स्नान करने सुकर्रा घाट पहुंचे थे। स्नान के दौरान बृजेश अचानक गहरे पानी में चले जाने से डूबने लगा। साथी को डूबता मल्लू ने शोर मचाना शुरू कर दिया।
शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटना स्थल पर पहुंच गई। ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से गंगा में डूबे युवक की तलाश शुरु की गई। लेकिन ग्रामीणों और गोताखोरों को अभी तक सफलता नहीं मिली। गंगा में युवक के डूबने के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। जानकारी मिलते ही तहसीलदार राकेश कुमार, कोतवाल नरेश कुमार सिंह भी पहुंच गए। तहसीलदार राकेश कुमार ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुला लिया गया है। टीम की ओर से गंगा में युवक की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद घाट पर लोगों की भीड़ जुटी रही।