बिनावर। घर लौट रहे युवक की बदायूं-आंवला मार्ग गांव पड़ौलिया के समीप अनियंत्रित होकर बाइक फिसल गई। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बरेली ले जाया जा रहा था। रास्ते में एंबुलेंस मलगांव क्रॉसिंग पर बैरियर से टकरा गई। इससे एंबुलेंस में बैठे परिजन भी घायल हो गए। उधर, देर रात युवक की बरेली में अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
हादसा कुंवरगांव थाना क्षेत्र में गांव पड़ौलिया के समीप हुआ। थाना क्षेत्र के गांव कुआंटांडा कासमपुर निवासी दुर्गेश पुत्र बाबूराम सोमवार देर शाम बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई। इससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पुलिस पहुंची।
पुलिस ने घायल युवक के परिजनों को सूचना देकर बुलाया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर हालत देखते हुए बरेली हायर सेंटर रेफर किया गया। परिजन युवक को बरेली ले जा रहे थे। इस दौरान मलगांव फाटक के पास एंबुलेंस चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे एंबुलेंस फाटक के बैरियर से टकरा गई।
घायल दुर्गेश के परिजन नेत्रपाल, नेमचंद, सूरजपाल और बाबूराम भी चोटिल हो गए। देर रात बिनावर पुलिस पहुंची। पुलिस ने दूसरी एंबुलेंस की मदद से सभी को बरेली भेजा। परिजनों ने दुर्गेश को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मंगलवार शाम युवक का शव जिला अस्पताल लाया गया। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई कर शव मोर्चरी में रखवा दिया है।