बिनावर। थाना क्षेत्र के ग्राम सिकरोड़ी में बृहस्पतिवार दोपहर गौस आलम (18) की नहर में डूबकर मौत हो गई। वह दोपहर के समय दूसरे खेत से पौध लेकर नहर पार कर रहा था। इसी दौरान पैर फिसलने से युवक नहर के गड्ढे में जा गिरा। जब तक ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिवार वालों ने उसके शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है।
ग्राम सिकरोड़ी निवासी गौस आलम पुत्र नवी आलम खेतीबाड़ी करता था। उसके परिवार वालों के मुताबिक, गौस आलम बृहस्पतिवार सुबह रामगंगा नदी से निकली नहर के किनारे अपने खेत में धान की रोपाई कर रहा था। नहर के दूसरी ओर खेत में धान की पौध थी। दोपहर के समय धान की रोपाई करते-करते पौध खत्म हो गई। इससे गौस आलम नहर के दूसरी ओर पौध लेने चला गया। उसके परिवार वाले रोपाई करते रहे।
बताते हैं कि दोपहर करीब 12 बजे युवक धान की पौध लेकर नहर पार कर रहा था। इस दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया, जिससे युवक नहर के बड़े गड्ढे में जा गिरा। उसे देखकर नहर किनारे मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिससे कई लोग उसे बचाने नहर में कूद गए। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी हालत काफी खराब हो चुकी थी। वह बेहोश हो गया था। परिवार वाले उसे तुरंत नजदीकी डॉक्टर के पास ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार वालों ने इसकी सूचना थाना पुलिस को नहीं दी। उन्होंने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया है। देर शाम युवक के शव को दफन कर दिया गया।