आसफपुर। गृह क्लेश में युवक ने फंदे से लटककर रविवार शाम आत्महत्या कर ली। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस मामले की जानकारी न होने की बात कह रही है।
फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव डरेला निवासी छोटू मौर्य (22) पुत्र कुंवरचंद रविवार को फसल की रखवाली करने की बात कहकर खेत पर गया था। जहां बनी झोंपड़ी में रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार की सुबह घर नहीं पहुंचा तो परिवार के लोगों को चिंता हुई। खेत पर जाकर देखा तो छोटू का शव झोंपड़ी में फंदे से लटका देख होश उड़ गए।
परिवार के लोगों ने ग्रामीणों की मदद से शव को श्मशान में ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया। उन्होंने पुलिस को इस मामले की जानकारी नहीं दी। गांव के लोगों का कहना है कि युवक का अपनी एक रिश्तेदार युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह उससे शादी करना चाहता था, लेकिन घर वाले तैयार नहीं थे। रविवार को इसी बात को लेकर घर में क्लेश हो गया था। इसी को लेकर उसने आत्महत्या कर ली।
थानाध्यक्ष राजकुमार का कहना है इस तरह की कोई सूचना थाने पर नहीं आई है। फिर भी मामले की जानकारी कराई जा रही है।