बदायूं। मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव गिधौल में भैंस की टक्कर लगने से राजेश्वरी (28) की मौत हो गई। वह खेत से चारा काटकर घर लौट रही थी। बताते हैं ककराला का एक व्यापारी भैंस खरीदने आया था, उसी से छूटकर भैंस भागी थी।
ग्राम गिधौल निवासी प्रमोद का कहना है कि वह पंजाब में रहकर मजदूरी करते हैं। वह शनिवार सुबह पंजाब से लौटे थे। उनके गांव में ककराला से कुछ व्यापारी भैंस खरीदने आए थे। उन्होंने एक ग्रामीण की भैंस खरीदी थी और गली में ही गाड़ी लगाकर उसे चढ़ा रहे थे। इस दौरान एक भैंस गाड़ी से उतरकर गली की ओर भागने लगी। इस दौरान उनकी पत्नी राजेश्वरी खेत से चारा लेकर लौट रही थी। भैंस उनके सीने से टकरा गई।
राजेश्वरी सड़क पर गिरकर बेहोश हो गईं। मोहल्ले वालों की सूचना पर वह मौके पर पहुंचे और तुरंत ही राजेश्वरी को जिला अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें बरेली रेफर कर दिया गया। रास्ते में उनकी मौत हो गई। उनकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने रविवार दोपहर राजेश्वरी के शव का पोस्टमार्टम करा दिया। अभी परिवार वालों ने कोई तहरीर नहीं दी है।
ट्रैक्टर की चपेट में आने से दंपती समेत तीन घायल
उझानी। बरेली-मथुरा हाईवे पर बुटला के पास ट्रैक्टर की चपेट में आकर आंवला क्षेत्र के गांव बेहटा चौहान निवासी सचिन (21), उनकी पत्नी लता (20) और पिता भगवान दास (50) घायल हो गए। रविवार अपराह्न सचिन, पत्नी और पिता के साथ गंगा स्नान कर घर लौट रहे थे। पुलिस ने तीनों घायलों का प्राथमिक उपचार कराया है। संवाद