बदायूं। सोमवार देर रात रोडवेज बस स्टैंड पर फर्रुखाबाद जिले की एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पति ने बताया कि महिला को पहले खून की उल्टी आई। आसपास के लोगों की मदद से वह जिला अस्पताल ले गए, जहां उसने दम तोड़ दिया। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फर्रुखाबाद जिले में शमसाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम हजियापुर निवासी आकाश कुमार दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी करता है। साथ में उसकी पत्नी विनीता (21) और छोटी बच्ची भी रहती है। आकाश कुमार के मुताबिक इस लॉकडाउन में वह दिल्ली में था। एक जून से रोडवेज बसें चलीं तो उन्होंने घर लौटने का फैसला लिया था। शाम को आकाश अपनी पत्नी और बच्ची के साथ रोडवेज बस में सवार होकर घर लौट रहा था। रात करीब डेढ़ बजे बस रोडवेज स्टैंड पर पहुंची। वह बस से उतरकर फर्रुखाबाद जाने के लिए दूसरी बस का इंतजार कर रहे थे कि उसी दौरान अचानक विनीता को खून की उल्टी आई। फिर उसकी हालत बिगड़ती चली गई। उसे देखकर रोडवेज स्टैंड पर मौजूद कई लोग आ गए। उन्होंने महिला को जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी। जिस पर पत्नी को जिला अस्पताल ले गया लेकिन कुछ देर बाद विनीता की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसकी सूचना पर रोडवेज चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। रात में महिला का शव मोर्चरी में रखवा दिया गया। सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। आकाश कुमार ने बताया कि उसकी डेढ़ साल पहले शादी हुई थी। उसकी सूचना पर परिवार वाले भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। महिला की मौत कैसे हुई, अभी इसका पता नहीं चला है। इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा।