दातागंज (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम देेहला नगला में प्रवासियों का सर्वे कर रही एक आशा वर्कर पर हमला हो गया। कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की और सिर के बाल उखाड़ डाले। इसकी शिकायत पर पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर ली है। अभी कोई आरोपी पकड़ा नहीं गया है।
ग्राम देहला नगला निवासी सुषमा पत्नी संजीव कुमार आशा वर्कर है। इस समय सुषमा गांव में लौटे प्रवासियों की सूची बना रही है। सुषमा का आरोप है कि वह गांव में सर्वे करने गई थी कि उसी दौरान बाहर से लौटे कुछ लोगों ने उसके साथ अभद्रता कर दी। गाली गलौज की। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। वह खुद को छुड़ाने के लिए छटपटाती रही लेकिन आरोपी उसके साथ मारपीट करते रहे। एक आरोपी ने उसके सिर के बाल पकड़कर उखाड़ दिए। इसकी सूचना पर परिवार वाले पहुंचे। मोहल्ले के कुछ लोग आ गए। उन्होंने किसी तरह आरोपियों के चंगुल से उसे छुड़ाया। इसकी शिकायत लेकर आशा वर्कर कोतवाली पहुंची, जहां पुलिस ने एक आरोपी सुनील के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने बाकी किसी आरोपी को नामजद नहीं किया है। इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह ने बताया कि आशा वर्कर के मुताबिक एनसीआर दर्ज कर ली गई है। बाकी मामले की जांच कराई जा रही है। उसके बाद ही अगली कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।