बौंदरी गांव खड़ी दीवार। स्रोत: कांग्रेस
बदायूं। बौंदरी गांव में दबंगों ने दलित परिवार के घर के सामने दीवार चुनकर उसका रास्ता बंद कर दिया है। परिवार की शिकायत पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने डीएम से वार्ता की। इसके बाद अध्यक्ष ने पीड़ितों के साथ एडीएम न्यायिक को इस मामले में ज्ञापन सौंपा। दबंगों पर कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने बताया कि भाजपा समर्थित दबंगों ने बौंदरी गांव में राजाराम व अनोखे जाटव के घर के सामने एक हफ्ते पहले दीवार चुनवा दी। पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी तो पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन दबंगों को दीवार बनाने से नहीं रोका। न्याय न मिलने पर पीड़ितों ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव से न्याय दिलाने का अनुरोध किया। इस मामले में डीएम ने एसडीएम सदर को जांच के निर्देश दिए। कहा कि यदि रास्ता सार्वजनिक है तो दीवार हटवाकर रास्ता खुलवाया जाय। एसडीएम मोहित कुमार सिंह ने बताया कि दो पक्षों में प्लाट और सड़क का विवाद है। दोनों पक्षों को बुलाकर वार्ता की गई है। रविवार को नायब तहसीलदार मौके पर जाएंगे।