बिसौली। थाना क्षेत्र के तारापुर गांव में एक मकान की छत पर नवजात बालक मिला है। पुलिस को मामले की जानकारी तीसरे दिन मिली तो बच्चे को अपनी अभिरक्षा में लेकर चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भिजवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम तारापुर निवासी छाया पत्नी दिनेश प्रजापति को 18 फरवरी की सुबह करीब पांच बजे अपने मकान की छत से किसी नवजात बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। छाया ने छत पर जाकर देखा तो हतप्रभ रह गईं। एक नवजात बालक, जिसकी उम्र करीब तीन दिन होगी, पड़ा रो रहा था।
उन्होंने नवजात काे उठा लिया। वह एक कपड़े में लिपटा हुआ था। उन्होंने ममता का परिचय देते हुए शिशु को नहलाकर साफ कपड़े पहनाए और दूध पिलाया। लोगों को पता लगा तो सब आश्चर्यचकित रह गए कि शिशु छत पर कैसे पहुंचा। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने लोकलाज के भय से शिशु को वहां छोड़ दिया। गांव में मकानों की छतें एक दूसरे से मिली होती हैं। इसलिए शक की सुई आसपास ही घूम रही है।
सूचना पर कोतवाली पुलिस ने पहुंचकर नवजात को अभिरक्षा में लेकर उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया है। कोतवाल राजेंद्र पुंडीर ने बताया मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।