बदायूं। कांवड़ मार्ग पर खुली खाद्य सामग्री की दुकानों की जांच होगी। इसके लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन की ओर से जांच टीम गठित कर दी गई है। इसमें सात कर्मियों को शामिल किया गया है। गुणवत्ता खराब होने पर संचालक पर कार्रवाई होगी।
11 जुलाई से शुरू हो रही कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन तैयारी कर रहा है। यहां पर बरेली, बिनावर, बदायूं, उझानी, कछला होते हुए कांवड़ियां निकलते हैं। इस रास्ते में खानपान की दुकान लगी हैं। इन दुकानों में बिक्री होने वाले खाद्य सामग्री की गुणवत्ता कई बार ठीक न होने की वजह से लोगों को परेशानी हुई है। इस समस्या को देखते हुए खाद्य आयुक्त द्वितीय की ओर से सात टीमों का गठन किया है। यह सभी कांवड़ यात्रियों के आवाजाही वाले रूट में सक्रिय रहेंगी। इसके अलावा खाद्य आयुक्त ने कांवड़ मार्ग पर मौजूद ढाबों, होटलों और रेस्टोरेंट के मालिकों को निर्देशित किया है कि विभाग से लाइसेंस लें। इसके बाद खाद्य पदार्थों की बिक्री करें।
खुफिया विभाग भी तैयार कर रहा है रिपोर्ट
तीन दिन बाद शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर शासन ने सख्त निर्देश दिए हैं कि प्रशासन सारी व्यवस्था दुरुस्त कर लें। इसको लेकर खुफिया विभाग भी रिपोर्ट तैयार कर रहा है। यह रिपोर्ट शासन को हर दिन भेजी जा रही है।