बिल्सी। कछला-शाहबाद हाईवे पर मिश्रीपुर मुकइया गांव के निकट बुधवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद बाइक करीब छह फुट गहरे नाले में जा गिरी, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।
घटना कछला-शाहबाद मार्ग स्थित मिश्रीपुर मुकइया पुल के पास करीब तीन बजे हुई। फैतुल्लाहगंज निवासी मालाराम के अनुसार मोहम्मदगंज गांव के प्रधान के पुत्र रोहित कुमार अपने साथी रविंद्र कुमार के साथ बाइक से बिल्सी की ओर आ रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक उछलकर दूर जा गिरे और बाइक नाले में समा गई। हादसे में रोहित और रविंद्र को गंभीर चोटें आईं। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए बिल्सी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उनका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही मोहम्मदगंज व आसपास के गांवों के लोग मौके पर पहुंच गए और आक्रोश जताया। ग्रामीणों ने लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लिया और कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।