फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budaun News: फटकार के बटन से 10 मिनट में चली छह माह से बंद पड़ी लिफ्ट

Tue, 09 Jun 2026 11:28 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
विज्ञापन
जिला महिला अस्पताल में जिला महिला सीएमएस को निर्दे​शित करती एडी हेल्थ। संवाद
विज्ञापन
बदायूं। जिला महिला अस्पताल में मंगलवार को बरेली मंडल की एडी हेल्थ सीमा अग्रवाल के औचक निरीक्षण ने स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। निरीक्षण के दौरान मरीजों की सुविधा के लिए लगाई गई लिफ्ट बंद मिली। एडी हेल्थ की फटकार के बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया और 10 मिनट में छह माह से बंद बताई जा रही लिफ्ट चल पड़ी।
विज्ञापन

बरेली मंडल की एडी हेल्थ सीमा अग्रवाल पहले बिनावर सीएचसी पहुंचीं, यहां उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। इसके बाद सीएमओ के साथ जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नसबंदी केंद्र पर दिशा-सूचक बोर्ड नहीं मिला, इसपर उन्होंने नाराजगी जताते हुए दो दिन में बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। इसके बाद एडी हेल्थ 100 शैय्या महिला अस्पताल भवन में पहुंचीं।
निरीक्षण की सूचना मिलते ही कर्मचारियों ने गैलरी और कमरों की सफाई शुरू कर दी, लेकिन तब तक एडी भवन में प्रवेश कर चुकी थीं। वार्डों का निरीक्षण करते समय उन्होंने लिफ्ट का बटन दबाया, लेकिन लिफ्ट बंद मिली। इस पर उन्होंने अस्पताल प्रशासन से जवाब-तलब किया। महिला सीएमएस शोभा अग्रवाल ने कर्मचारी न होने की बात कही, इसपर एडी ने मरीजों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए लिफ्ट चालू कराने के निर्देश दिए।
विज्ञापन


10 मिनट में मिल गया लिफ्ट ऑपरेटर
-निरीक्षण के दौरान जिस लिफ्ट को कर्मचारी के अभाव में बंद बताया जा रहा था, वह एडी हेल्थ की फटकार के बाद चालू हो गई। लौटने पर एडी हेल्थ ने लिफ्ट पर मौजूद कर्मचारी से बातचीत की। कर्मचारी ने बताया कि वह लंबे समय से इसी कार्य पर तैनात है और कुछ देर पहले ही लिफ्ट बंद कर गया था। इससे अस्पताल प्रशासन के दावों पर सवाल खड़े हो गए। जिस कर्मचारी को लिफ्ट संचालन के लिए तैनात किया गया, वह पहले एक विभागीय जांच में दोषी पाए जाने के बाद निलंबित चल रहा है। ऐसे में निरीक्षण के दौरान उसे जिम्मेदारी सौंपे जाने को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

प्रसव केंद्र और वार्डों का भी लिया जायजा
-एडी हेल्थ ने प्रसव केंद्र, वार्डों और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर स्टाफ से जानकारी ली। उन्होंने मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं, साफ-सफाई और संचालन व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया। निरीक्षण में मिली कमियों को गंभीरता से लेते हुए तीन दिन के भीतर सुधार कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
-
अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक
निरीक्षण के बाद एडी हेल्थ ने सीएमओ कार्यालय में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही न बरतने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इस दौरान सीएमओ डॉ. विकास शर्मा, डिप्टी सीएमओ डॉ. सिनोद, डॉ. तहसीन, डॉ. नवनीत कुमार, डॉ. असलम, अरविंद राणा मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें