गांव फतेहनगला में एक घर में आग लगने से जला सामान।
रेहड़िया। सैदपुर विद्युत उपकेन्द्र क्षेत्र के गांव फतेहनगला निवासी गजेन्द्र सिंह के घर में लगे विद्युत मीटर में शॉर्ट सर्किट होने से अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कमरे में रखा घरेलू सामान जल गया। हादसे में लगभग एक लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
घटना के समय कमरे में गजेन्द्र सिंह की तीन वर्षीय मासूम बच्ची सो रही थी। परिजनों ने समय रहते आग लगने की जानकारी होने पर तत्परता दिखाते हुए बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे वह बाल-बाल बच गई। आग की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पीड़ित परिवार ने उपजिलाधिकारी बिसौली को प्रार्थना पत्र देकर नुकसान का आंकलन कराते हुए क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की है।