बदायूं। बिसौली में पंजाबी मंदिर के पास अनीस फारुखी की कॉस्मेटिक की दुकान है। रविवार की सुबह शार्ट सर्किट से दुकान में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में 12 लाख का सामान जल गया। आसपास के लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
बिसौली नगर के बीच बजार में कॉस्मेटिक की दुकान में रविवार की सुबह शार्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। आग में लाखों का सामान जल गया। पीड़ित अनीस ने बताया कि वह शनिवार रात दस बजे दुकान में लगा इन्वर्टर बंद कर घर चले गए थे। रविवार की सुबह नाै बजे पड़ोसी दुकानदार का फोन आया कि दुकान से धुआं निकल रहा है।
अनीस और उनके परिजन भागकर दुकान पर पहुंचे। जैसे ही उन्होंने शटर उठाया अंदर से आग की लपटें बाहर आ गईं। घबराकर लोग पीछे हट गए। इसके बाद मोहल्ले वालों ने बाल्टी भर-भरकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन दो घंटे की मशक्कत के बाद भी आग पर काबू नहीं पा सके।
देखते ही देखते दुकान के ग्राउंड फ्लोर पर रखा सामान और पहली मंजिल पर बने गोदाम का सामान धू-धूकर जल गया। सूचना पर दो घंटे बाद फायर बिग्रेड पहुंची तो आग पर काबू पाया जा सका।
अनीस फारुकी ने बताया कि आग में लगभग 12 लाख का सामान जल गया है। उन्होंने बताया कि दुकान में सिर्फ एक बल्ब जल रहा था। शायद शॉर्ट सर्किट से ही आग लगी होगी। तहसीलदार और कोतवाल को एक प्रार्थनापत्र देकर आर्थिक सहायता की गुहार लगाई गई है। इससे पहले भी बिल्सी रोड पर अपोलो अस्पताल में आग लग गई थी। तब पुलिस ने भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था।
ढाबे में लगी आग, 7 तख्त, 50 कुर्सियां और अन्य सामान जला
सिलहरी। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के उझानी-बदायूं बाइपास घेर मढ़ैया गोरखनाथ चौराहे के पास पुष्पेन्द्र कचौड़ी ढाबा में शनिवार रात आग लग गई। पुष्पेन्द्र प्रजापति ने थाना पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि वह शनिवार देर रात ढाबा बंद कर घर चले गए थे। रविवार सुबह जब ढाबा खोलने पहुंचे तो वहां सब कुछ जल चुका था। पुष्पेन्द्र ने बताया कि ढाबा के अन्दर सात तख्त, 50 कुर्सियां, पानी के ड्रम, दोना पत्तल के कट्टे जल गए। करीब एक लाख रुपये की क्षति हुई है। संवाद
बिसौली में आग लगने के बाद बुझाते लोग। संवाद
बिसौली में आग लगने के बाद बुझाते लोग। संवाद