दातागंज (बदायूं) । कोतवाली क्षेत्र के गांव नेता झुकसा में बृहस्पतिवार देर रात लघुशंका को उठे युवक के ऊपर फर्राटा पंखा गिर गया। तभी पंखे का करंट लगने से युवक की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। शुक्रवार को पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है।
दातागंज के गांव नेता झुकसा निवासी सुनील कुमार मौर्य (26) पुत्र राम प्रसाद मौर्य विद्युत निगम में ऑपरेटर थे। वह बरेली जिले के सुभाष नगर स्थित उपकेंद्र पर तैनात थे। पिछले दिनों हुई कर्मचारियों की छंटनी में उन्हें नौकरी से हटा दिया गया था। तब से वह घर पर ही रह रहे थे। बृहस्पतिवार रात सुनील कमरे में सो रहे थे। रात करीब दो बजे उन्हें लघुशंका लगी। इससे वह चारपाई से उठकर शौचालय जा रहे थे। जब वह दरवाजे की ओर पहुंचे तो वहां रखे फर्राटा पंखे के तार उनके पैर में फंस गए। इससे पहले वह फिसलकर जमीन पर गिर गए। इसके बाद पंखा उनके ऊपर गिर गया। पंखे में उतरे करंट से वह चिपक कर बेहोश हो गए। सुनील की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने आनन फानन में विद्युत बोर्ड से पंखा का तार निकाला, लेकिन तब तक सुनील की मौत हो चुकी थी। सुनील की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि सुनील अविवाहित थे। वह चार भाई व एक बहन में दूसरे नंबर के थे। रक्षाबंधन से दो दिन पहले हुई भाई की मौत से बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।
सुनील कुमार।फाइल फोटो