उझानी। कुआडांडा गांव में दंपती और उसकी बुजुर्ग मां की पिटाई के मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। यहां बता दें कि पिछले महीने बिजली का खंभा उखाड़ने का विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की थी।
दर्ज कराई गई रिपोर्ट में गांव के रामाशंकर पुत्र चिरौंजी लाल जाटव ने कहा कि नौ नवंबर की रात उसके घर के सामने से पड़ोस के हरपाल यादव और उसके बेटे बिजली का खंभा उखाड़ने लगे। उसने विरोध किया तो गुस्साए हरपाल और उसके बेटों ने रामाशंकर से हाथापाई कर दी।
रामाशंकर को बचाने उनकी पत्नी कन्यावती और बुजुर्ग मां रामस्नेही पहुंचीं तो आरोपियों ने उन्हें भी नहीं बख्शा। आरोप है कि पुलिस ने शिकायत के बाद रामस्नेही का मेडिकल तो कराया, लेकिन रामाशंकर और उनकी पत्नी कन्यावती का मेडिकल नहीं कराया गया। पुलिस ने रामाशंकर की तहरीर पर रिपोर्ट भी दर्ज नहीं की थी।
इसके बाद उन्होंने पहले एसएसपी फिर कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने हरपाल के अलावा उसके बेटे शुभराम, अवनेश और शिवराम के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। रिपोर्ट में एससी एक्ट के तहत भी आरोपियों पर कार्रवाई हुई है।