बदायूं। सपा सांसद के नाम से फेसबुक पर भ्रामक पोस्ट अपलोड करने के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
फेसबुक पर बदायूं के सांसद आदित्य भैया के नाम से भारत और पाक के बीच युद्ध को लेकर भ्रामक पोस्ट की गई। जिसका सपा सांसद आदित्य यादव ने अपने अधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर खंडन किया। उन्होंने कहा कि सरहद पर तनाव की स्थिति है। ऐसे समय में हमें सतर्क और सजग रहने की ज़रूरत है।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से कई भ्रामक वीडियो संदेश सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे हैं और ऐसा ही वीडियो मेरे नाम से चल रहे फेसबुक पेज पर शेयर किया गया। यह वीडियो फेक है। जिसने भी यह वीडियो शेयर किया है उसके खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने भी बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जो भी आरोपी होगा उसको जेल भेजा जाएगा। संवाद