वैगनआर कार जिसे पिकअप गाड़ी ने टक्कर मारी थी। संवाद
बिल्सी। कछला-शाहबाद हाईवे पर बुधवार की शाम पिकअप की टक्कर में वैगनआर कार में सवार छह लोग घायल हो गए। हादसा गांव नागपुर के पास हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि कार सड़क किनारे उछलकर जा गिरी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया।
मोहल्ला संख्या पांच निवासी नेहा सिंह पत्नी उपेंद्र सिंह तोमर, उनकी गुधनी निवासी बहन पारुल पत्नी ललतेश सिंह, नेहा पुत्री धर्मेंद्र निवासी कुदरनी, रियांश पुत्र ललतेश, ललतेश तथा कार चालक महावीर पुत्र कालीचरण निवासी बिल्सी बुधवार की शाम कार से आंवला क्षेत्र के खाटू श्याम मंदिर, मनोना धाम जा रहे थे।
बताया जाता है कि गांव नागपुर के पास हाईवे पर तेज रफ्तार में आ रही पिकअप गाड़ी ने उनकी कार में टक्कर मार दी। हादसा होते ही मौके पर आसपास के ग्रामीण जुट गए। उन्होंने घायलों को कार से बाहर निकालकर निजी वाहन से नगर के एक निजी चिकित्सालय पहुंचाया। यहां सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया है। फिलहाल सभी घायलों की हालत सामान्य है। वहीं पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।