बदायूं। दातागंज थाना क्षेत्र के गांव सादुल्लागंज में एक शादी समारोह के दौरान कुछ युवकों ने एक अन्य युवक पर हमला कर उसे घायल कर दिया।
संभल जिले के बहजोई निवासी मोहित कुमार उर्फ सोहित ने बताया कि वह तीन दिसंबर 2025 की रात सादुल्लागंज में टीटू चौहान की बरात में शामिल होने आया था। वहां पहले से मौजूद शिवम कश्यप, अतुल कश्यप और दो अन्य अज्ञात युवकों ने बिना किसी कारण के उसे गालियां देना शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और हाथ में पहने भारी कड़ों से मोहित पर हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
शोर सुनकर जब आसपास के लोग मौके पर जमा हुए तो आरोपी मोहित को जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले। घायल अवस्था में पीड़ित ने अगले दिन थाना बहजोई पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई और मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच उपनिरीक्षक नाहर सिंह को सौंपी गई है।