रागिनी का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
कलान। बदायूं जिले के थाना उसहैत के गांव सथरा बरैनिया निवासी भैयालाल जाटव की आठ वर्षीय बेटी रागिनी की बदायूं डिपो की रोडवेज बस के नीचे आकर कुचलने से मौत हो गई। बालिका यहां ननिहाल में नामकरण संस्कार के कार्यक्रम में शामिल होने आई थी।
हादसे के बाद तमाम लोग सड़क पर आने से जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने लोगाें को समझाकर सड़क के किनारे किया। क्षेत्र के गांव सेठा निवासी देशराज के छोटे भाई विपिन के पुत्र का बुधवार को नामकरण संस्कार हुआ था। कार्यक्रम में भैया लाल जाटव की पत्नी उर्मिला अपनी बेटी रागिनी के साथ मायके आई थी।
बृहस्पतिवार की शाम चार बजे उर्मिला व रागिनी स्टेट हाईवे मुरादाबाद फर्रुखाबाद पार कर रही थी। तभी बदायूं डिपो की रोडवेज बस से बच्ची कुचल गई। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। खबर लगते ही सैकड़ों लोग सड़क पर एकत्र हो गए। सूचना पर थाना प्रभारी प्रभाष चंद्र व परौर इंस्पेक्टर अशोक सिंह ने पुलिस बल के साथ पहुंचकर लोगों को समझाया। तब शव को हटवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। हादसे के बाद चालक मौके से भाग गया।