जरीफनगर के गांव अफजलपुर बुधौती में खेत में ट्रॉली में रखा ट्रांसफार्मर। संवाद
- फोटो : ,ट्रेन पर चढ़ने के लिए मशक्कत करते यात्री।
दहगवां। जरीफनगर क्षेत्र के गांव अफजलपुर बुधौती में मंगलवार रात ट्रॉली में रखे ट्रांसफार्मर के तार डंडे की मदद से मेन लाइन से जोड़ने के दौरान करंट की चपेट में आकर किसान की मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को किसान के शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस ने विद्युत निगम को घटना की सूचना दी, लेकिन देर शाम तक विद्युत निगम का कोई जिम्मेदार घटनास्थल पर नहीं पहुंचा है। परिजनों ने विद्युत निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
गांव अफजलपुर निवासी राजेश (32) उर्फ राधे पुत्र रक्षपाल कुछ दिन पहले ही निजी नलकूप कनेक्शन के चलते ट्रांसफार्मर समेत अन्य उपकरण ट्रॉली में लेकर आए थे। उन्होंने ट्रांसफार्मर रखी ट्रॉली खेत पर खड़ी कर ली थी, लेकिन ट्रांसफार्मर का कनेक्शन करने कोई लाइनमैन नहीं पहुंचा।
मंगलवार रात करीब दस बजे राजेश खेत के ऊपर से गुजर रही मेन लाइन से ट्रांसफार्मर के कनेक्शन जोड़ने का प्रयास कर रहे थे। बताते हैं कि उस दौरान बिजली आपूर्ति बंद थी। इसके चलते वह डंडे की मदद से ट्रांसफार्मर के तार लाइन से जोड़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी बीच बिजली आपूर्ति आ गई और वह करंट की चपेट में आ गए।
किसान की करंट से झुलसकर मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के खेतों पर मौजूद ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद किसान को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने किसान को मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों का आरोप है कि विद्युत निगम की लापरवाही के कारण किसान की मौत हुई है। अगर लाइनमैन ट्रांसफार्मर का कनेक्शन कर जाता तो यह हादसा नहीं होता। बुधवार को पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। जरीफनगर इंस्पेक्टर अश्वनी कुमार ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर के तार जोड़़ते समय हादसा हुआ है। विद्युत निगम के जेई को सूचना दी गई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।