बदायूं। दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव डहरपुर में शनिवार रात करीब करीब आठ बजे खेत में घुसे गोवंशों को भगाते समय पत्थर से ठोकर लगने से जमीन पर गिरे किसान की मौत हो गई। रविवार को पुलिस ने किसान के शव का पोस्टमॉर्टम कराया। रिपोर्ट में लिवर फटने से मौत की वजह सामने आई है।
दातागंज कोतवाली क्षेत्र के डहरपुर निवासी राजीव (39) पुत्र श्यामपाल खेती करके परिवार का पालन-पोषण करते थे। शनिवार रात वह गेहूं की फसल की रखवाली करने के लिए खेत पर गए थे। रात करीब आठ बजे अचानक खेत में गोवंशों को झुंड घुस आया। उस दौरान किसान खेत पर बने मचान पर बैठे हुए थे।
जैसे ही गोवंश खेत में घुसे, वह मचान से उतरकर लाठी-डंडे लेकर गोवंशों को खेत से भगाने लगे। इसी बीच खेत में पड़े पत्थर से उनके पैर में ठोकर लग गई। इससे किसान सीने के बल जमीन पर गिर गए। जमीन गिरते ही किसान घायल होकर अचेत हो गए। आसपास के खेतों पर मौजूद अन्य किसानों ने घटना की जानकारी परिवार के लोगों को दी।
सूचना मिलते ही परिवार के लोग खेत पर पहुंचे। वह किसान को उठाकर दातागंज सीएचसी ले गए। जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गयया। यहां लाने पर डॉक्टर ने किसान को मृत घोषित कर दिया। रविवार को पुलिस ने किसान के शव का पोस्टमॉर्टम कराया। दातागंज कोतवाल गौरव विश्नोई ने बताया कि ठोकर लगने से किसान जमीन पर गिर थे। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में लिवर फटने से मौत की वजह सामने आई है।