ओरछी। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा दास में रंजिश के चलते बृहस्पतिवार की रात को एक परिवार के सदस्यों पर जानलेवा कर दिया गया। हमले में पांच लोग घायल हो गए। तीन की हालत गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने हमला करने वाले 42 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसमें से 11 को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव खेड़ादास के रहने वाले सुमित सिंह पुत्र अवनेश सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया है कि बृहस्पतिवार की शाम को छह बजे वह अपने चाचा जगतपाल सिंह व चचेरे भाई रजत, भाई प्रदीप उर्फ शिव ओम के साथ धान की निकासी करके ट्रैक्टर से गांव लौट रहे थे। गांव के बाहर आलोक चौहान की चक्की के पास श्रीपाल पुत्र रामरतन समेत कई लोगों ने हमला कर दिया।
आरोपियों के हाथों में तमंचे, पिस्टल, फरसे, तलवारे, सरिया, लाठी-डंडे आदि थे। शोर सुनकर चंदौसी से आ रहे सोनू व उनके रिश्तेदार संजीव ने बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। जो भी बचाने आया, उसपर धारदार हथियार से हमला कर जमीन पर गिराते गए। पिटाई से घायल हरीराज, प्रदीप उर्फ शिवओम, जगतपाल, रजत प्रत्युप बेहोश हो गए। उसी दौरान प्रधान के पति योगेश उर्फ सीधे ने कहा ये लोग अभी जिंदा हैं। इन्हें जान से मार दो, यह कहते हुए मुझ पर सरिया से वार कर दिया और विनोद ने तमंचे से फायर कर दिया। उससे बाल-बाल बचा। शोर सुनकर गांव से भीड़ मौके पर आई और आरोपियों को ललकारा तो वह छोड़कर भाग गए। जाते हुए फायरिंग कर दहशत फैलाने का काम किया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर 41 नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस ने 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी की तलाश जारी है।
इन लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
विनोद, शेखर, मनीष, वीरेश, धर्मेन्द्र, जयपाल, चन्द्रप्रकाश, भूरे लाल, शिवांक, जीतू, राधे, कन्हैया, कुन्नू, गोपाल, गुड्डू, सचिन, अमन, नरेश, वीरेश, गौरव, सौरभ, गुड्डू, अभय,शिवम, सुवेश, रामकिशन, दिन्ना, अतुल, हवा सिंह, कल्यान, ब्रह्मचारी, इन्द्रजीत, शीन, शिशुपाल, नैपाल, रामौतार, प्रेम सिंह, रुपकिशोर, श्रीपाल, योगेंद्र उर्फ सीधे, विनोद व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
आमने-सामने है दोनों पक्षों की इलेक्ट्रॉनिक की दुकान
गांव में दोनों पक्षों की इलेक्ट्रॉनिक की दुकान आमने-सामने है। ग्राहकों को लेकर कुछ दिन पहले भी दोनों पक्षों में झगड़ा हो चुका है। पुलिस ने इस मामले को हल्के में लिया तो आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए। इसी झगड़े की रंजिश ने बृहस्पतिवार को एक पक्ष के लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस मामले को तूल देने के लिए प्रधान के पति ने चुनावी रंजिश भी निकाली है। उसे भी नामजद किया गया है।
-
पुलिस ने आरोपियों को भेजा जेल
पुलिस ने जानलेवा हमला करने वाले 11 लोगों को रात में ही दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया था। शुक्रवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। थाने में हाथ जोड़कर यह आरोपी पुलिस के सामने गिड़गिड़ाते नजर आए।
कोट,
- जान से मारने की नियत से लोगों पर हमला किया गया था। तहरीर के आधार पर 41 नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर 11 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। दोषियों पर कठोर कार्रवाई होगी। - डॉ. बृजेश कुमार सिंह, एसएसपी