बदायूं। एचपीसीएल प्लांट में दो अफसरों की हत्या के आरोपी अजय प्रताप सिंह के पिता, ताऊ व उनके चार सहयोगियों के खिलाफ एसडीएम दातागंज ने 45 लाख 99 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। इनके खिलाफ तहसीलदार कोर्ट में मुकदमा भी दर्ज कराया गया है। इन सभी पर सैजनी गांव में ग्राम समाज की भूमि पर कब्जा करने का आरोप है। इसके साथ ही सभी छह आरोपियों के खिलाफ बेदखली की नोटिस जारी करते हुए जवाब मांगा गया है।
दातागंज तहसील व मूसाझाग थाना क्षेत्र के सैजनी गांव में प्लांट में दो अफसरों की हत्या के आरोपी अजय प्रताप सिंह के पिता राजेश सिंह, ताऊ राकेश सिंह गांव के आसपास बड़ी संख्या में पड़ी ग्राम समाज की जमीनों पर कब्जा कर रखा था। इनके परिवार में लंबे समय प्रधानी रहने से इन लोगों को यह जानकारी थी कि किस जमीन पर कहां कब्जा किया जाए। इसी के चलते इनके स्तर से ग्राम समाज की भूमि में कब्रिस्तान, तालाब, खलिहान की भूमि पर कब्जा कर लिया गया। अब इस वारदात के बाद तहसील दातागंज प्रशासन ने जांच तेज की है तो आए दिन नए खुलासे सामने आ रहे हैं।
इन लोगों पर दर्ज हुआ केस, लगा जुर्माना
आरोपी अजय के ताऊ राकेश सिंह, पिता राजेश सिंह व इनके सहयोगी नेमपाल, चुन्नीलाल, बुधपाल, मनोहर निवासी ग्राम भगौतीपुर के खिलाफ क्षेत्रीय लेखपाल हेमसिंह की तरफ से तहसीलदार कोर्ट में राजस्व संहिता की धारा 67 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। इन सभी को बेदखली का नोटिस भी जारी किया गया है। इनमें राकेश व राजेश पर 29,59,200 जुर्माना, नेमपाल चुन्नीलाल पर 7,29,000 जुर्माना व बुधपाल व मनोहर के खिलाफ 9,10,800 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। कुल मिलाकर सभी छह आरोपियों के खिलाफ 45 लाख 99 हजार रुपये का जुर्माना लगा है। इनके सहयोगियों पर भी जमीन कब्जा करने का आरोप है। इनमें राकेश व राजेश पर पहले भी लंबा जुर्माना लगाया जा चुका है।
सैजनी गांव में ग्राम समाज की भूमि पर कब्जेदारी के मामले में छह आरोपियों के खिलाफ तहसीलदार कोर्ट में मुकदमा दर्ज कराया गया है। क्षेत्रीय लेखपाल की शिकायत पर यह कार्रवाई हुई है। सभी के खिलाफ भारी जुर्माना भी लगाया गया है। इनको बेदखली की नोटिस भी जारी की गई है। - धर्मेंद्र कुमार सिंह, एसडीएम दातागंज