बदायूं। मूसाझाग क्षेत्र के गांव रिजोली में रविवार सुबह करीब 8 बजे बीए की छात्रा ने फंदा लगाकर जान दे दी। उसका शव मकान के लिंटर में बने जाल में दुपट्टे के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी होने पर गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। बेटी की मौत की सूचना पर परिजन गांव पहुंच गए।
पुलिस के अनुसार, गांव रिजोली निवासी राजेंद्र की बेटी मुस्कान (17) शहर के एक महिला महाविद्यालय में बीए की पढ़ाई कर रही थी। वह गांव स्थित अपने मकान में अकेली रहती थी, जबकि उसके माता-पिता और भाई शाहजहांपुर के जलालाबाद में ननिहाल में रहते हैं। उसका भाई विक्रम तीन दिन पहले गांव से ननिहाल चला गया।
उसके बाद से वह अपने मकान में अकेली थी। गांव में ही चाचा और ताऊ भी अपने-अपने मकानों में अलग-अलग रहते हैं। रविवार सुबह चचेरे-तहेरे भाइयों ने शव लटका देखकर विक्रम को सूचना दी। विक्रम ने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। सीओ उझानी राहुल पांडेय ने बताया कि भाई की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। कई बिंदुओं पर छानबीन कराई जा रही है। अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।