बदायूं। आगामी यूपी बोर्ड परीक्षा-2026 को लेकर जिले में तैयारियां पूरी रफ्तार पकड़ चुकी हैं। बोर्ड ने सोमवार को जिले में प्रस्तावित 99 परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी। बोर्ड की ओर से यह भी स्पष्ट कर दिया गया है कि यदि किसी व्यक्ति को इन केंद्रों को लेकर कोई संदेह, आपत्ति या शिकायत है तो वह चार दिसंबर तक विभाग को ई-मेल के माध्यम से अवगत करा सकता है।
शिक्षा विभाग ने परीक्षा व्यवस्था को मजबूत और पारदर्शी बनाने के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं तेज कर दी हैं। जिला स्तरीय अधिकारियों को केंद्रों की समीक्षा, सुरक्षा व्यवस्था, बैठने की क्षमता, निगरानी और नकलरोधी प्रबंधों की गहन जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित केंद्रों पर मिलने वालीं सभी आपत्तियों की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि चार दिसंबर तक विभाग की आधिकारिक ई-मेल आईडी (यूपीएलएसपी डाॅट ईडीयू डॉट आईएन) पर आने वाली शिकायतों पर विचार किया जाएगा। इसके बाद प्राप्त होने वाली किसी भी आपत्ति को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बोर्ड सचिव ने भी निर्देश दिए हैं कि परीक्षा केंद्रों का चयन पूरी पारदर्शिता और मानकों के अनुरूप किया जाए, ताकि परीक्षाएं नकल-विहीन और सुचारू रूप से संपन्न हो सकें। अब जिलेभर के अभिभावकों, विद्यालयों और विद्यार्थियों की नजरें अंतिम केंद्र सूची और परीक्षा कार्यक्रम पर टिकी हुई हैं, जिसे बोर्ड जल्द ही जारी करेगा।
माध्यमिक शिक्षा कार्यालय की ओर से यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर सूची जारी की गई है। इसमें 99 प्रस्तावित परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसके लिए आपत्तियां मांगी गई है। -लालजी यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक