बकरों से भरा हुआ कैंटर। स्त्रोत पुलिस
बिसौली। अवैध पशु परिवहन और पशु क्रूरता के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक कैंटर से 94 बकरों को मुक्त कराया है और पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, चालक भाग गया।
कोतवाली पुलिस इस्लामनगर चौराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। सूचना मिली कि फैजगंज बेहटा रोड की ओर से आ रहे एक कैंटर में बड़ी संख्या में बकरों को बेरहमी से ठूंसकर ले जाया जा रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर कैंटर को रोक लिया। जांच में कैंटर के अंदर 94 बकरे अमानवीय तरीके से भरे मिले। जिन्हें सांस लेने भी मुश्किल हो रही थी।
पुलिस ने सहजान, नदीम, कासिम, नौशाद और साहिद आलम को गिरफ्तार कर लिया है। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन और आधार कार्ड भी बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बकरों को मुंबई ले जाया जा रहा था। पुलिस ने बकरों को सुरक्षित कब्जे में लेकर गदरपुरा निवासी दिनेश यादव की सुपुर्दगी में दे दिया। कोतवाल कमलेश मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम, बीएनएस और मोटर वाहन अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर कैंटर को सीज कर दिया गया है।