उझानी (बदायूं)। जरा सी जल्दबाजी आठ वर्षीय बालक की मौत की वजह बन गई। पिता के साथ ट्रैक्टर पर बैठकर घर लौटते समय बालक ने नीचे उतरने की जल्दबाजी की। तभी पैर फिसल जाने से वह नीचे जा गिरा। तभी उसके ऊपर ट्रॉली का पहिया उतर गया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई।
यह हादसा कोतवाली क्षेत्र के गांव रियोनइया में शुक्रवार को हुआ। रियोनइया निवासी बिजनेश सिंह सुबह अपने आठ साल के बेटे गोपी को लेकर ट्रैक्टर से खेत पर पहुंचा। लौटते में वह ड्राइवर सीट के पास ही बैठ गया। बिजनेश घर के दरवाजे पर ट्रैक्टर को रोकता, उससे पहले ही गोपी कूद पड़ा। वह ट्रॉली के पहिये के नीचे आ गया। यह देख बिजनेश ने ट्रैक्टर तो रोक लिया लेकिन तब तक बेटा बुरी तरह लहूलुहान हो चुका था। घरवाले उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने देखते ही गोपी को मृत घोषित कर दिया। घरवाले शव लेकर गांव पहुंचे तो परिवार में कोहराम मच गया। मां-पिता का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पिता ने पुलिस कार्रवाई से इंकार दिया है। अपराह्न में शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। गोपी अपने ताऊ का लाडला था। ताऊ अशोक ने कोई पुत्र नहीं होने उसी को गोद ले रखा था।