दूसरे दिन भी निकलीं एक रोल नंबर की दो उत्तर पुस्तिकाएं
डीआईओएस के माध्यम से क्षेत्रीय सचिव को दी जानकारी
सोमवार को हिंदी, मंगलवार को गणित की हुईं कॉपी चेक
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं।
यूपी बोर्ड की परीक्षाओं में नकल माफिया हावी रहे। इसका अंदाज इस बात से लगाया जा सकता है कि बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में एक ही रोल नंबर की दो-दो कॉपियां निकल रही हैं। इससे नकल होने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है। सोमवार के बाद मंगलवार को फिर एक ही रोल नंबर की दो कॉपियां सामने आईं। संबंधित परीक्षक ने तुुरंत ही केंद्र उपनियंत्रक को जानकारी दी। प्रधानाचार्य ने उच्चाधिकारियों को पूरे मामले से अवगत करा दिया।
17 मार्च से शहर के तीन विद्यालयों में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू हुआ। इसमें एसके इंटर कॉलेज और हाफिज सिद्दीकी इस्लामियां इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की कॉपियों का मूल्यांकन किया जा रहा है। जबकि जीआईसी में इंटर की उत्तर पुस्तिकाएं जांची जा रही हैं। मंगलवार को गणित की कॉपी चेक करते समय जीआईसी में एक परीक्षक के सामने दो उत्तर पुस्तिकाएं फिर ऐसी मिलीं जिनमें एक ही रोल नंबर पड़ा हुआ था। एक ही रोल नंबर की दो कॉपियां सामने आ जाने से परीक्षक चौंक गए। इसकी सूचना तुरंत उपनियंत्रक रनवीर सिंह को दी। उपनियंत्रक ने दोनों उत्तर पुस्तिकाओं को अलग रख लिया और इसकी जानकारी जिला विद्यालय निरीक्षक मुन्ने अली को दे दी। वहीं सोमवार को भी मूल्यांकन के समय परीक्षक ने हिंदी विषय की जांच में एक रोल नंबर की दो कापियां पकड़ीं थीं। फिलहाल इसे डीआईओएस के माध्यम से क्षेत्रीय सचिव को भिजवा दिया गया है।
--
मंगलवार गणित विषय की उत्तरपुस्तिका चेक करते वक्त एक ही रोल नंबर की दो कॉपियां सामने आईं। उसके बारे में उच्चधिकारियों को अवगत करा दिया गया। जबकि सोमवार को हिंदी विषय की कॉपियां निकली। हालांकि दोनों दिन अलग-अलग रोल नंबर की कॉपियां मिली है।
- रनवीर सिंह, प्रधानाचार्य/ उपनियंत्रक राजकीय इंटर कॉलेज बदायूं