अमर उजाला ब्यूरो
बिल्सी। नगर में बुधवार को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की बारात बड़ी धूमधाम से निकाली गई। बारात में शामिल झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। गोशाला रामलीला कमेटी के तत्वावधान में राम बारात नगर के अंबियापुर चौराहे से करीब साढ़े छह बजे शुरू हुई।
बारात नगर के मोहल्ला आठ, जैन बाजार, पालिका बाजार, कटरा बाजार, मुख्य बाजार, बंबा चौराहा, कपड़ा एवं सराफा बाजार होती हुई बालाजी चौक पर पहुंची। जहां से सिरासोल रोड होती क्षत्रिय कॉलोनी, होली चौक एवं गोशाला मार्ग होकर पुन: रामलीला ग्राउंड पर जाकर समाप्त हुई। इससे पहले बारात का शुभारंभ विधायक आरके शर्मा के भाई राजकुमार शर्मा ने भगवान की आरती उतारकर किया। राम बारात में भगवान राम, सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुध्न, श्रीकृष्ण-राधा, मां दुर्गा का रथ, गणेश जी, शंकरजी, बजरंगबली हनुमान समेत कई देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियों शोभायात्रा में शामिल थी। काली अखाड़ा भी आकर्षण का केंद्र रहा। शोभायात्रा में मेला कमेटी के अध्यक्ष विनोद पालीवाल, राजाराम शर्मा, संजीव वार्ष्णेय, गणेश गुप्ता, रामबाबू वार्ष्णेय, दुर्गेश वार्ष्णेय, जितेंद्र वार्ष्णेय, संजीव गुप्ता, दीपक चौहान आदि का विशेष सहयोग रहा।