उझानी (बदायूं)। सावन के तीसरे सोमवार को जलाभिषेक से पहले बरेली-मथुरा हाईवे पर शिवभक्तों की टोलियों ने धमाल मचा दिया। कछला गंगाघाट पर पूरी रात गंगाजल भरने का दौर चला। शिवभक्तों की टोलियों की वजह से बाजार भी रात में गुलजार रहा। हाईवे पर नाचते-गाते निकले कांवड़िये कलाकारों के साथ थिरक उठे।
कछला गंगाघाट पर शिवभक्त कांवड़ियों के पहुंचने का सिलसिला रविवार शाम से सोमवार सुबह तक चलता रहा। बम-बम भोले का जयकारा लगाते हुए घाट पर पहुंचे कांवड़ियों ने कांवड़ पूजन की धार्मिक परंपरा को भी निभाया। पहले के मुकाबले शिवभक्तों की भीड़ भी ज्यादा रही। घाट से जयघोष करते हुए हाईवे से होकर शिवालयों की ओर चले कांवड़ियों ने रास्ते में जमकर धूम धड़ाका किया। लाउडस्पीकारों और डीजे साउंड सिस्टम से भी भजन गूंजते रहे। भजनों की धुन पर कलाकारों के साथ कांवड़ियों ने नृत्य किया। कलाकारों ने घंटाघर चौराहे पर जो कार्यक्रम प्रस्तुत किया, उसे देख राहगीर भी झूम उठे। गंगाघाट निवासी राजपाल ने बताया कि रविवार कांवड़ लेकर चले शिवभक्तों में सर्वाधिक संख्या बदायूं और बरेली जिले के लोगों की रही। कई टोलियों में युवतियों के साथ महिलाओं की भी मौजूदगी देखने को मिली। इस बीच कांवड़ियों की टोलियों की सुरक्षा व्यवस्था के लिए जगह-जगह पुलिस फोर्स तैनात रहा। -----------------------
बुर्राफरीदपुर मंदिर पर उमड़ा आस्था का सैलाब
उझानी। इलाके के गांव बुर्राफरीदपुर स्थित शिवमंदिर पर सोमवार तड़के से ही शिवभक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। नगर समेत आसपास गांवों के करीब 30 हजार शिवभक्तों ने मंदिर में शिव के दर्शन कर शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। मंदिर के पास ही मेले में ग्रामीण महिलाओं और बच्चों ने घरेलू सामान की खरीदारी की। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की व्यवस्थाओं से जुड़े रंधावा यादव और चरनसिंह ने बताया- इस बार मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ को लेकर पुलिस प्रशासन का सहयोग नहीं मिला।
-----
कांवड़ियों के जत्थे को रोका
पुलिस ने शांत कराया मामला
जाम के कारण बनी स्थिति, बाद में स्थिति हुई साफ तो ली राहत की सांस
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। शहर में लालपुल से खेड़ा नवादा को जोड़ने वाले रोड पर रविवार देर रात जाम लग गया। जाम की वजह से दर्जनों कांवड़ियों का एक जत्था सोथा मोहल्ला की ओर मुड़ गया। यहां कुछ लोगों ने कांवड़ियों को रोक कर विरोध किया कि यह कांवड़ का रास्ता नहीं है। इस पर यहां कुछ देर के लिए तनाव के हालात बन गए। सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह से मामले को शांत कराकर राहत की सांस ली। खेड़ा नवादा और लालपुल को जोड़ने वाला रोड सावन के महीने में कांवड़ियों के लिए आरक्षित रहता है। इस पर सुरक्षा के लिहाज से जगह-जगह पुलिस बल भी तैनात किया जाता है। रविवार देर रात रोड पर जाम होने की वजह से दर्जनों कांवड़ियों का एक जत्था सोथा मोहल्ले की ओर मुड़ गया। यहां लोगों ने जत्था निकलने का विरोध शुरू कर दिया। उनका कहना था कि कांवड़ का जो परंपरागत रास्ता है, उसी से कांवड़ निकाली जाए। इस पर हालात तनावपूर्ण बनने पर एसपी सिटी कमल किशोर, सीओ सिटी वीरेंद्र यादव, इंस्पेक्टर कोतवाली भरत कुमार गौतम और इंस्पेक्टर सिविल लाइंस राजीव कुमार शर्मा मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने सबको समझाकर मामला शांत किया। कोतवाली इंस्पेक्टर भरत कुमार गौतम ने बताया कि कुछ कांवड़िया परंपरागत रास्ते से हटकर दूसरे रास्ते पर पहुंच गए थे। इस बात का कुछ लोगों ने विरोध किया था लेकिन बाद में सब कुछ सामान्य हो गया।