उसावां (बदायूं)। ब्लैक बक के दो झुंडों के बीच झड़प में घायल एक ब्लैक बक की रविवार को मौत हो गई। वन विभाग ने उसका शव पोस्टमार्टम के लिए आईवीआरआई बरेली भेजा है। इससे पहले भी एक ब्लैक बक की मौत हो चुकी है।
जिले की गंगा और रामगंगा की कटरी के इलाकों में काफी ब्लैक बक है। शनिवार को हिरणों के झुंड के बीच झड़प हो गई थी। इसमें एक ब्लैक बक गंभीर घायल हो गया। घायल ब्लैक बक गांववालों को गूरा के जंगल में मिला था। गांव के लोगों की सूचना पर फॉरेस्ट अफसर महेश चंद्र मौके पर पहुंच गए। वन विभाग की टीम ने ब्लैक बक को इलाज के लिए भेजा, जहां इलाज के दौरान रविवार को मौत हो गई। फॉरेस्ट अफसर महेश चंद्र ने बताया कि ब्लैक बक का शव बरेली स्थित आईवीआरआई पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। गांव के अंगदपात का कहना है कि वन विभाग की लापरवाही से हिरण की मौत हुई है। अगर उसको शनिवार को ही बरेली भेजा जाता तो उसकी जान बचाई जा सकती थी। ब्यूरो