उझानी (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के गांव नसरुल्लापुर में एक युवक पेड़ की टहनी से फंदे से लटका मिला। बेहोशी की हालत में घरवाले से उसे जिला अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर उसे बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नसरुल्लापुर निवासी 18 वर्षीय सर्वेंद्र मंगलवार शाम को पेड़ की टहना से फंदे से लटका मिला। इससे गांव में खलबली मच गई। परिवार वालों को सूचना मिली तो वह पहुंचे और युवक को नीचे उतारा तो उसकी सांस चल रही थी। बेहोशी की हालत में युवक को जिला अस्पताल के बाद बरेली के एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए भेज दिया गया है। परिवार वाले उसका इलाज करा रहे हैं हालांकि यह साफ नहीं हुआ है कि वह खुद पेड़ पर लटका या फिर किसी ने उसे लटका दिया। ग्रामीण भी कुछ बता पाने की स्थिति में नहीं हैं। सूचना पर कोतवाली के उपनिरीक्षक राकेश कुमार गांव पहुंचे। उन्होंने युवक के बारे में ग्रामीणों से जानकारी भी की। उसके घर पर कोई नहीं मिला। ग्रामीणों ने पुलिस को यह जरूर बताया कि घरवाले इलाज कराने के लिए उसे बरेली ले गए हैं। पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है।