बदायूं। जिले में एच-5 एवियन एन्फ्लूएंजा (बर्ड फ्लू) को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इसको लेकर पशुपालन विभाग की ओर से सैंपलिंग कराई जा रही है। पिछले तीन दिनों में जिलेभर से 857 सैंपल लेकर जांच के लिए बरेली भेजे गए थे। इन सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। आगे कुछ और दिनों तक सैंपल भेजने का क्रम जारी रहेगा। इसके साथ ही संदिग्ध स्थलों पर दवा का छिड़काव कराया जा रहा है।
प्रदेश में बर्ड फ्लू का पहला मामला गोरखपुर में सामने आया। उसके बाद सभी जिलों में सक्रियता बढ़ गई है। पशुपालन विभाग की टीम जिले के पोल्ट्री फॉर्म से लेकर डेयरी और गोशालाओं में लगातार निरीक्षण कर रही है। यहां पर दवा का छिड़काव के साथ संदिग्ध लगने पर पशुओं का सैंपल लिया जा रहा है। शुक्रवार को सहसवान, उझानी, दातागंज, बदायूं सहित कई जगहों पर पशुपालन विभाग की टीम ने निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने करीब 80 सैंपल लिए। सीवीओ संजीव कुमार भुइयार ने बताया कि पोल्ट्री फॉर्म, गोशाला में साफ-सफाई कराई जा रही है। बताया कि 857 सैंपल की रिपोर्ट आई है। इसमें किसी में भी बर्ड फ्लू की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि जिले के 26 पशु चिकित्सालयों में से प्रत्येक से 15-15 सैंपल लेकर जांच को भेजने के निर्देश हैं।
बर्ड फ्लू की लक्षण
बुखार, सांस लेने में समस्या, पेट खराब होना, उल्टी होना, आंख लाल हो जाना
इंसान के लिए भी है खतरनाक
सीवीओ के अनुसार बर्ड फ्लू विदेशी चिड़िया से फैलता है। यह वायरस जानवर में जाने के बाद उसके संपर्क में रहने वाले इंसान में भी वायरस पहुंचने की संभावना रहती है। इस वजह से इंसान के लिए भी खतरनाक है।
पोल्ट्री फार्म की जांच के निर्देश
डीएम अवनीश राय ने पशु पालन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि कुक्कुट पालकों से लगातार संपर्क करेंं। पक्षियों में किसी भी असामयिक बीमारी एवं मृत्यु की दशा में तत्काल सूचना देंं। उन्होंने सभी बीडीओ को गोशालाओं पर साफ-सफाई व सेनिटाइजेशन कराने को कहा है।